प्रतापगढ़ में 17 अधिकारियों पर गिरी गाज, समाधान दिवस से रहे गायब; अब सात दिन में देना होगा जवाब

Share
👁️ 429 Views🔗 101 Shares

प्रतापगढ़। कुंडा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान 17 विभागों के अधिकारियों का गैरहाजिर रहना अब उनके लिए भारी पड़ता दिख रहा है। अधिकारियों की अनुपस्थिति पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों के एक दिन के वेतन में कटौती के निर्देश दिए। इसके बाद एसडीएम कुंडा ने सभी संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

जानकारी के मुताबिक, 19 सितंबर को कुंडा तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान अचानक मंडलायुक्त प्रयागराज अपर आयुक्त के साथ मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के समय 17 विभागों के अधिकारी मौजूद नहीं मिले। इस पर मंडलायुक्त ने नाराजगी जताते हुए उस दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया।

इसके बाद एसडीएम अजय कुमार यादव ने संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है। स्पष्ट किया गया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने की स्थिति में मामले को संबंधित विभागाध्यक्षों के पास भेजकर आगे की विभागीय कार्रवाई की जा सकती है। नोटिस की प्रतियां जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और पुलिस अधीक्षक को भी भेजी गई हैं।

नोटिस पाने वालों में बाबागंज, संग्रामगढ़ और कुंडा के बीडीओ, पशु चिकित्सा, लघु सिंचाई, नगर पंचायत, मंडी, मत्स्य, कई थानों के प्रभारी तथा कुंडा के प्रभारी चिकित्साधिकारी समेत अलग-अलग विभागों के अधिकारी शामिल हैं।

अब सबकी नजर सात दिन के जवाब पर

संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य लोगों की शिकायतों को संबंधित विभागों तक पहुंचाकर उनका समाधान कराना है। ऐसे में अधिकारियों की अनुपस्थिति का मामला सामने आने के बाद अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संबंधित अधिकारी क्या स्पष्टीकरण देते हैं और प्रशासन की ओर से आगे क्या कार्रवाई होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *