प्रतापगढ़। कोतवाली नगर पुलिस ने सर्राफा व्यापारी लूटकांड का खुलासा करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। ये वही आरोपी हैं जिन्होंने बीते दिनों रामपुर नहर के पास एक सर्राफा व्यवसायी को निशाना बनाया था।
पुलिस के अनुसार, लूट के बाद आरोपियों ने बड़ी चालाकी दिखाई — सबूत मिटाने के लिए लूटी गई चांदी को गलाकर आपस में बांट लिया, ताकि माल पहचाना न जा सके। लेकिन पुलिस की जांच के आगे उनकी चालाकी काम नहीं आई। कोतवाली नगर पुलिस ने तीनों को नहर किनारे से दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गली हुई चांदी, बिछिया, नाक की कील, ₹6200 नकद, एक तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। तमंचा और कारतूस बरामद होने से साफ है कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को भी अंजाम दे सकते थे।
पुलिस तीनों आरोपियों को जल्द अदालत में पेश करेगी। इस कार्रवाई से जिले के सर्राफा व्यापारियों ने राहत की सांस ली है। पुलिस की इस मुस्तैदी की चर्चा पूरे जिले में हो रही है।
प्रतापगढ़ पत्रिका आपके जिले की हर बड़ी कार्रवाई और अपराध से जुड़ी सच्ची खबर आप तक पहुंचाता रहेगा।

