प्रतापगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई – साइबर ठगी में मदद करने वाले 17 गिरफ्तार, बैंक खाते और सिम बेचकर कमा रहे थे मोटी रकम

Share
👁️ 379 Views🔗 92 Shares

प्रतापगढ़। जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। प्रतापगढ़ पुलिस ने ऑनलाइन ठगी में मदद पहुंचाने वाले 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि ये आरोपी खुद ठगी नहीं करते थे, बल्कि साइबर ठगों के लिए ‘रास्ता’ तैयार करते थे।

अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) आलोक कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपी अपने बैंक खाते, सिम कार्ड और अन्य जरूरी दस्तावेज साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे। इसके बदले उन्हें प्रति खाते या सिम के एवज में 5 हजार से 10 हजार रुपये तक का भुगतान किया जाता था।

पुलिस के अनुसार, साइबर ठग इन्हीं खातों और सिम कार्डों का इस्तेमाल कर दूसरे राज्यों में बैठकर लोगों से ऑनलाइन ठगी करते थे। यानी ठगी का पैसा जिन खातों में जाता था, वे प्रतापगढ़ जैसे इलाकों में बेचे गए ‘किराए के खाते’ निकलते थे। पुलिस के मुताबिक मामले की विवेचना अभी जारी है और मुख्य सरगना की तलाश की जा रही है।

यह मामला हर उस व्यक्ति के लिए चेतावनी है जो थोड़े से पैसों के लालच में अपना बैंक खाता या सिम किसी अनजान को दे देता है। याद रखिए – आपके नाम का खाता अगर किसी ठगी में इस्तेमाल हुआ, तो कानूनी शिकंजा आप पर भी कस सकता है, भले पैसा किसी और ने कमाया हो।

किसी के कहने पर अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड या सिम किसी अनजान को न दें। यह खबर अपने परिवार और परिचितों तक जरूर पहुंचाएं। प्रतापगढ़ पत्रिका – खबर वही, जो असर करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *